हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह आज तड़के निधन हो गया है। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह ने आज सुबह 3:40 बजे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल(आइजीएमसी), शिमला में आखिरी सांस ली। वह काफी समय से बीमार थे।
इस अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ जनक राज ने इसकी जानकारी दी। डॉ. जनक राज ने बताया, ‘पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जी का यहां इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुबह करीब चार बजे मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया।’
पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके निजी आवास होली लाज लाया गया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर जिला मंडी में आज सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
87 वर्षीय वीरभद्र सिंह पहले कोरोना वायरस से पीड़ित थे और उन्हें 13 अप्रैल को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि कोरोना से ठीक होने और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उनकी तबीतय फिर से बिगड़ गई और उन्हें आईजीएमसी में कुछ दिनों पहले ही भर्ती कराया गया था। वह बीते दो दिनों से वेंटिलेटर पर थे। 12 अप्रैल को 11 जून को वह दो बार कोरोना वायरस से ग्रसित पाए गए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत अक्सर खराब रहने लगी।
वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह नौ बार विधायक और पांच बार सांसद भी रह चुके हैं। वीरभद्र सिंह यूपीए सरकार में भी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रहे थे। उनके पास केंद्रीय इस्पात मंत्रालय रहा। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय भी रहा। वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून, 1934 को बुशहर रियासत के राजा पदम सिंह के घर में हुआ।