पंजाब से पैदल बिहार आ रहे मजदूरों को बस ने कुचला, छह की मौत, चार घायल,समस्तीपुर में सड़क दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत

देश में जारी लॉकडाउन के कारण कई राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को कई मोर्चे पर संघर्ष करना पड़ रहा है। मजदूरों को अपने घर वापसी के लिए हजारों मील पैदल चलना पड़ रहा है। लेकिन पंजाब से बिहार पैदल आ रहे मजदूरों पर मौत ने ब्रेक लगा दी। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार देर रात को एक बड़ा हादसा हो गया। घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो घायलों को मेरठ के लिए रेफर किया गया है।

मृतक और घायल मजदूर बिहार के गोपालगंज के बताए गए

बुधवार देर रात को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना टोल प्लाजा के पास रोडवेज की बस ने पंजाब से लौट रहे श्रमिकों के काफिले को कुचल दिया। वहीं हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस को लेकर फरार हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि सभी मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। मृतक और घायल मजदूर बिहार प्रांत के जनपद गोपालगंज के बताए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार हादसा रात में करीब 11:45 बजे घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के बीच में हुआ। पंजाब प्रांत में मजदूरी करने वाले श्रमिकों की टोली देर रात को पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोई रोडवेज बस उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई।

सभी मृतकों की हुई पहचान

शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों के नाम हरेक सिंह (52) पुत्र जमादार सिंह, विकास (22) पुत्र हरेक सिंह, गुड्डू (18) पुत्र बूंदा नंदराय, वासुदेव (22) पुत्र जवाहर सिंह, हरीश साहनी (42) पुत्र मती साहनी, वीरेंद्र (28) पुत्र श्यामनाथ निवासीगण गोपालगंज बिहार बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल सुशील और रामजीत को जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हादसे की जानकारी ली।

समस्तीपुर में दो मजदूरों की मौत

वहीं, बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौक के पास बस और ट्रक की टक्कर हो गई. इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 से अधिक घायल हो गए हैं. यह सभी मजदूर मुजफ्फरपुर से कटिहार की ओर जा रहे थे. ये लोग मुंबई से अपने घरों को लौट रहे थे.