यूपी : अगले 5 दिन गर्मी और उमस से लोग रहेंगे परेशान

0

न्यूज़ जंगल डेस्क कानपुर : यूपी में अब अगले 5 दिन गर्मी और उमस से लोग परेशान रहेंगे। यूपी में एंट्री लेते ही मानसून कमजोर पड़ गया। हालांकि, आज यानी गुरुवार को प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अब मूसलाधार बारिश के आसार बेहद कम हैं। अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 27 से 29 जून के बीच मानसून पूरी रफ्तार के साथ यूपी में दस्तक दे सकता है।

पहाड़ों में भी नहीं होगी बारिश
सीएसए यूनिवर्सिटी, कानपुर के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी इलाकों में अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार न के बराबर हैं। कानपुर मण्डल सहित मैदानी इलाकों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हां, तीन शहरों जैसे कानपुर, लखनऊ, मेरठ में थोड़ी बहुत बूंदाबांदी हो सकती है।

यूपी के शहरों का गिरा तापमान
यूपी में शुरू हुई प्री-मानसून बारिश से लू का असर जरूर खत्म हो गया है। मगर, उमस भरी गर्मी लोगों को फिलहाल परेशान करती रहेगी। बुधवार को जहां मेरठ और बिजनौर में सबसे कम 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, आगरा, झांसी, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर में पारा 39 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। प्रयागराज में सबसे ज्यादा पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ में गुरुवार को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल यहां बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। उमस और गर्मी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। शुक्रवार से पहले यहां बारिश शायद ही हो।

प्रयागराज में बारिश से बढ़ी उमस

प्रयागराज में सुबह-सुबह हुई बारिश ने गर्मी से कुछ राहत दी है, पर उमस लोगों को दिनभर परेशान करेगी। मौसम विज्ञानी की माने तो आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। देर शाम तक बारिश की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं मौसम विज्ञानी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष एआर सिद्दीकी के अनुसार, अभी मानसून यूपी में प्रवेश नहीं किया है। अगल तीन चार दिनों में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है।

मेरठ में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा

मेरठ और आसपास के जिलों में गुरुवार सुबह से ही धूप खिली हुई है। मौसम विभाग का कहना है की एनसीआर, और आसपास के जिलों में अभी बारिश नहीं है। कुछ जिलों में दिन में बादल छाएंगे तो बीच में धूप भी खिलेगी। हवा की स्पीड 8 से 9 किमी प्रति घंटा चलने का पूर्व अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री पर आ पहुंचा है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ एम शमीम ने बताया कि अगले 24 घंटे मौसम ऐसा ही रहेगा।

गाजियाबाद में मौसम साफ रहेगा

गाजियाबाद में आज मौसम सुबह से साफ है। तेज धूप निकली हुई है। सुबह 8 बजे ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है। पूरे दिन मौसम साफ रहने और तेज गर्मी बने रहने के आसार हैं। 27 जून को मानसून की दिल्ली में एंट्री हो सकती है। ऐसे में 26 जून से गाजियाबाद, नोएडा समेत NCR के शहरों को गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। पूर्वानुमान है कि 27 जून से 3 जुलाई तक गाजियाबाद–नोएडा में बारिश रहेगी।

यह भी पढ़े : यूपी को सप्ताह भर और करना पड़ सकता है मानसून फुहारों का इंतजार

वाराणसी में शुक्रवार को हो सकती है बारिश

वाराणसी में आज सुबह का तापमान 29°C रहा। गर्मी फिर से बढ़ रही है। बुधवार की रात वाराणसी की हवा में ह्यूमिडिटी भी 65% थी, जबकि सुबह में 70% पर आ गई है। सुबह हो या शाम शरीर का पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा। IMD यानी कि इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट के मुताबिक, आज वाराणसी में मौसम साफ रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *